राजनांदगांव, 01 जुलाई 2025
अवैध रेत खनन से जुड़े बहुचर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर को मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक महिला एक्सयूवी कार जब्त की है। आरोपी को राजनांदगांव लाया गया है और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मध्यप्रदेश में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान उसने गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
क्या है पूरा मामला?
11 जून की रात करीब 7 से 7:30 बजे के बीच मोहड़ गांव के पास एक नदी के किनारे अवैध रेत निकासी के लिए जेसीबी से रैम्प बनाया जा रहा था। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो रेत माफियाओं ने उन पर हमला कर दिया और फायरिंग की। इस हमले में युवक रोशन मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई। इसके अलावा दो अन्य ग्रामीण – जितेन्द्र साहू और ओमप्रकाश साहू भी घायल हुए थे।
घटना के बाद बसंतपुर थाने में बीएनएस की धाराओं, आर्म्स एक्ट और माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मौके से तीन खाली कारतूस, गोली का अगला हिस्सा और जेसीबी व हाईवा वाहन (CG 08 AT 5089) जब्त किए गए।
अब तक की कार्रवाई
एसपी मोहित गर्ग के निर्देशन में पुलिस ने संयुक्त 5 टीम गठित कर उत्तर प्रदेश के झांसी, नागपुर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना समेत कई स्थानों में दबिश दी। अब तक इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें जेसीबी चालक भगवती निषाद, वाहन मालिक संजय रजक, अभिनव तिवारी, अतुल सिंह तोमर, जितेन्द्र नारौलिया, अमन सिंह परिहार और अभय सिंह तोमर शामिल हैं।
पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अवैध रेत खनन और उस पर कार्रवाई को लेकर यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।





