महासमुंद, 13 अगस्त 2025 — बसना विकासखंड के ग्राम दुर्गापाली में शहीदों की स्मृति, मातृत्व सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “सिंदूर पार्क” का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा की अनोखी पहल पर स्थापित इस पार्क में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 251 सिंदूर के पौधे लगाए गए, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में देव वृक्ष रुद्राक्ष का पौधरोपण किया और चरण पादुका योजना के तहत 50 तेंदूपत्ता हितग्राहियों को चरण पादुका प्रदान की। इस मौके पर गोल्डन बुक टीम की स्टेट हेड सोनल राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री और पुरंदर मिश्रा को प्रमाण पत्र सौंपा।

कार्यक्रम में पहलगाम हमले में शहीद दिनेश मिरानिया को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी पत्नी नेहा अग्रवाल और पुत्र शौर्य का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दुर्गापाली हाईस्कूल का नाम पं. त्रिलोचन प्रसाद मिश्रा के नाम पर रखा जाएगा और मंगला कुंद्रा दाई मंदिर परिसर में 25 लाख रुपये से सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। महाविद्यालय निर्माण की मांग को भी उन्होंने स्वीकार किया।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि सिंदूर पार्क का हर पौधा माताओं के प्रेम और संस्कार का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण का तोहफा देगा। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की देखभाल का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, बसना विधायक संपत अग्रवाल, विधायक चातुरी नंद, संगठन महामंत्री अजय जामवाल, नगर निगम रायपुर अध्यक्ष मिनल चौबे, बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, महिला आयोग अध्यक्ष सरला कोसरिया सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत परंपरागत छत्तीसगढ़ी अंदाज में धान का कटोरा, ओड़िया व्यंजन और स्थानीय परिधानों के साथ किया गया। कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।





