कोरबा, 23 अगस्त 2025
दीपका इलाके में एक गाय अचानक बिना बछड़ा दिए दूध देने लगी है। आमतौर पर गाय बछड़े के जन्म के बाद ही दूध देती है, लेकिन इस अनोखी घटना को देखकर लोग हैरान हैं। गाय रोजाना सुबह-शाम मिलाकर करीब 5 लीटर दूध दे रही है। लोग इसे ‘चमत्कार’ मानकर आरती उतार रहे हैं और पूजा-पाठ कर रहे हैं। स्थानीय लोग इसे ‘कामधेनु’ नाम से पुकार रहे हैं।

पाली रोड दीपका निवासी कोल व्यापारी धनंजय सिंह ने बताया कि करीब एक महीने पहले गाय की जगह की सफाई करते समय उन्हें दूध गिरा हुआ दिखा। जब जांच की गई तो पता चला कि गाय बिना बछड़ा दिए दूध दे रही है। तब से रोजाना दूध निकल रहा है।
धनंजय सिंह ने बताया कि गाय रोजाना 2 बार 2.5 से 3 लीटर दूध देती है। इसमें से एक लोटा दूध भगवान को अर्पित किया जाता है, बाकी घर में इस्तेमाल होता है। आसपास के लोग भी इस गाय का दूध लेने के लिए आ रहे हैं।
पड़ोसी आवंकित सिंह ने बताया कि यह गाय 2022 में खरीदी गई थी। उस समय इसे एक बछिया हुई थी। अभी गाय 3 साल की है। पिछले एक महीने से अचानक दूध देना शुरू कर दिया है। यह दूध हर पूजा में उपयोग किया जा रहा है।
वहीं, कोरबा के पशु चिकित्सक डॉ. एच के सोनी का कहना है कि यह स्थिति किसी हॉर्मोनल बदलाव के कारण हो सकती है। हालांकि, स्थानीय लोग इसे चमत्कार मानते हुए कामधेनु स्वरूप मानकर पूजा कर रहे हैं।
👉 बिना बछड़ा दिए दूध देने वाली इस गाय को देखने के लिए अब दूर-दराज के लोग भी दीपका इलाके पहुंच रहे हैं।




