22 Jul 2026, Wed
Breaking

आज की बड़ी खबरें : राजधानी में तीजा पोरा तिहार और महिला सम्मेलन का आयोजन…राष्ट्रीय बुनकर अधिवेशन में शामिल होंगे राज्यपाल…CONGRESS के सह प्रभारी विजय जांगिड़ लेंगे बैठक…प्रदेश के कई जिलों में होगी अच्छी बारिश…पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 24 अगस्त 2025

राजधानी रायपुर का पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम इस बार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा के रंगों से सराबोर हो गया है। तीजा-पोरा तिहार के अवसर पर ऑडिटोरियम प्रांगण नंदिया-बैला, पारंपरिक खिलौनों, रंग-बिरंगे वंदनवार और छत्तीसगढ़ी साज-सज्जा से सुसज्जित होकर अद्भुत छटा बिखेर रहा है।

 

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर आज होने वाले इस विशेष आयोजन की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। तीजा-पोरा तिहार में करीब 3 हजार महिलाओं की भागीदारी होगी, जिनमें महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं, महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां और मितानिनें शामिल रहेंगी।

इस अवसर पर शिव -पार्वती, नंदिया बैला और कृषि यंत्रों की पूजा संपन्न होगी। महिलाओं के लिए लोक परंपराओं से जुड़ी प्रतियोगिताएं जैसे फुगड़ी, जलेबी दौड़, नींबू, चम्मच दौड़ और रस्साकसी का आयोजन होगा। वहीं मेहंदी, चूड़ी और आलता के आकर्षक स्टॉल भी उत्सव का विशेष आकर्षण बनेंगे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विशेष उपहार भी प्रदान किए जाएंगे और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का जायका भी इसमें शामिल होगा।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, श्री अरुण साव सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण और अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में होने वाली बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश होने के संभावना जताई है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, मुंगेली, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुई खदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले में अगले तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई है।

पढ़ें   सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण को लेकर विधानसभा में हंगामा: भूपेश बोले- अतिक्रमणकारियों को सरकार का संरक्षण, विपक्ष ने नारेबाजी कर किया वॉकआउट

राष्ट्रीय बुनकर अधिवेशन में शामिल होंगे राज्यपाल

देश भर के बुनकरों का पहला राष्ट्रीय अधिवेशन शनिवार को मानस जैनम भवन में शुरू हुआ। दो दिन चलने वाले इस अधिवेशन में रविवार को राष्ट्रीय बुनकर आयोग बनाने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। आयोग बनने के बाद बुनकरों की समस्याओं पर मंथन हो सकेगा। आज इस अधिवेशन में राज्यपाल रमेन डेका भी शामिल होंगे ।

इसके अलावा उनके सामने आ रही चुनौतियों से निपटने की रणनीति तैयार होगी और उनकी व्यावसायिक स्थिति मजबूत करने प्लेटफार्म उपलब्ध होंगे। अभी बुनकरों की समस्याओं को सामने लाकर उन्हें दूर करने का बेहतर प्लेटफार्म नहीं है। इस वजह से पीढ़ियों से बुनकरी का काम कर रहे कई बुनकर समस्याओं से घिरे हैं। उन्हें बेहतर व्यवसायिक अवसर भी नहीं मिल रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ लेंगे बैठक

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी विजय जांगिड़ आज राजीव भवन में बलौदाबाजार जिले के ब्लॉक प्रभारियों की संगठन विस्तार की दृष्टि से बैठक लेंगे ।

Share