मुंगेली, 27 अगस्त 2025
शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम नागरिकों का विश्वास जीतने वाले कोतवाली प्रभारी गिरजा शंकर यादव का हाल ही में हुआ तबादला नगरवासियों के लिए एक सदमे की खबर बनकर सामने आया है।


गिरजा शंकर यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। सख़्त कार्यशैली और जनहितैषी छवि के कारण वे आम नागरिकों के बीच खासे लोकप्रिय रहे। गश्त व्यवस्था को मजबूत करने से लेकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ितों की समस्याओं के त्वरित समाधान जैसे कार्यों से उन्होंने जनता का भरोसा जीता।
नगर के प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों का कहना है कि यादव की कार्यशैली ने पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम किया था। लोग बिना किसी डर या झिझक के अपनी शिकायतें सीधे थाना लेकर पहुंचते थे और समाधान भी पाते थे।
लेकिन अचानक हुए उनके ट्रांसफर ने नगरवासियों को निराश कर दिया है। नागरिकों का कहना है कि यह निर्णय जनभावनाओं के विपरीत है और इससे अपराधियों के हौसले बढ़ सकते हैं। कई लोगों ने इसे “नगर के लिए कुठाराघात” तक करार दिया।
नागरिकों ने जिला पुलिस अधीक्षक से अपील की है कि गिरजा शंकर यादव के तबादले पर पुनर्विचार किया जाए और आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। लोगों का कहना है कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को हटाना जनता के हित में नहीं है।
स्थानीय लोगों की यह भी मांग है कि प्रशासन भविष्य में ऐसे फैसले लेने से पहले आम नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखे, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर मज़बूत बनी रहे।





