दुर्ग, 20 सितंबर 2025

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 140 करोड़ देशवासियों की सेवा के संकल्प के साथ साहसिक निर्णय लिए हैं, जिनकी बदौलत भारत कोरोना महामारी जैसी बड़ी चुनौती के बावजूद चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना। प्रधानमंत्री जी को अब तक 27 देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हुआ है।
अरुण साव शनिवार को दुर्ग साइंस कॉलेज स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह आयोजन सेवा पखवाड़ा के तहत किया गया। इस दौरान उन्होंने साइंस कॉलेज में साइकिल और बाइक स्टैंड निर्माण के लिए 35 लाख रुपए की घोषणा की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मना रही है। इसमें स्वच्छता ही सेवा अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और दिव्यांगों की सेवा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में समाज में विशिष्ट योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों से संवाद का आयोजन किया गया है।
गरीबों और किसानों के उत्थान की पहल
साव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने गरीब परिवारों को 4 करोड़ पक्के मकान, आयुष्मान भारत योजना से 5 लाख तक मुफ्त इलाज और किसान समृद्धि योजना से किसानों को लाभ पहुंचाया है। शिक्षा और रेलवे के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम हुआ है।
सुरक्षा और विकास पर जोर
सीमावर्ती इलाकों में सड़क और पुल निर्माण, धारा 370 और 35A की समाप्ति, एयरस्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे निर्णयों से देश की सुरक्षा मजबूत हुई है। पूर्वोत्तर राज्यों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है।
आत्मनिर्भर भारत और वैश्विक सम्मान
कोरोना काल में स्वदेशी टीकों से देशवासियों की रक्षा और आत्मनिर्भर भारत अभियान से निर्यात में वृद्धि हुई है। जीएसटी से व्यापार सरल हुआ और जनधन योजना ने गरीबों के लिए बैंकिंग सेवाओं के द्वार खोले।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, महापौर अलका बाघमार, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, कुम्हारी नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा, धमधा नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।





