प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 25 अक्टूबर 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले के प्रवास पर रहेंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक दुर्ग जिले के मेडेसरा में पंडवानी महासम्मेल के समापन समारोह में शामिल होंगे । इसके बाद रायपुर अपने निवास लौट आएंगे ।
भिलाई के स्पा सेंटरों में पुलिस की दबिश
भिलाई में एक बार फिर पुलिस ने दो स्पा सेंटरों में रेड मारी है। जुंवानी स्थित चौहान बिजनेस पार्क की तीसरी मंजिल पर संचालित लॉरेंज और लीवेलनेस में कई दिनों से देह व्यापार की जानकारी मिल रही थी। पुलिस ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई की। पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया और उसके सिग्नल मिलने पर एडिशनल एसपी पद्मश्री तंवर, दुर्ग सीएसपी भारती मरकाम और स्मृतिनगर चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही स्पा सेंटर में अफरा-तफरी मच गई लेकिन किसी को बाहर जाने नहीं दिया गया।
दोनों स्पा सेंटरों से 5 लड़कियों और 4 ग्राहकों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा, स्पा सेंटर के मैनेजर और अन्य वर्कर्स को भी स्मृतिनगर चौकी लेकर जाया गया। यह कार्रवाई जुंवानी के सुपेला थाना क्षेत्र में हुई, जहां कई स्पा सेंटर हैं और पुलिस द्वारा कार्रवाई के बावजूद यहां देह व्यापार लगातार चलता रहा है। एडिशनल एसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि दोनों स्पा सेंटरों में लगातार जिस्मफिरोशी के धंधे की खबरें मिल रही थीं। इस पर पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने यह रेड मारी।
विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को दूर करने हेल्पलाइन सेवा का शुभारंभ
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक संतुलन को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को दूर करने हेतु एक विशेष हेल्पलाइन सेवा प्रारंभ की जा रही है। देश में आत्महत्याओं की बढ़ती घटनाओं तथा शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव को देखते हुए मण्डल ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है l इस हेल्पलाइन से विद्यार्थी अपने मानसिक तनाव, घबराहट या अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे।
यह हेल्पलाइन सेवा माध्यमिक शिक्षा मण्डल कार्यालय, रायपुर में संचालित की जाएगी। विद्यार्थी टोल फ्री नम्बर 1800-233-4363 पर प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इस सेवा का शुभारंभ 31 अक्टूबर 2025 से किया जा रहा है। इस अवधि में योग्य मनोवैज्ञानिक एवं मनोचिकित्सक विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल का यह प्रयास विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें तनावमुक्त शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय एवं सकारात्मक पहल है।





