प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 02 नवंबर 2025

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का रजत जयंती महोत्सव (राज्योत्सव) ऐतिहासिक और गौरवशाली ढंग से शुभारंभ हुआ है। रायपुर एयरपोर्ट में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन सपनों को लेकर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, आज वह सपना साकार होता दिख रहा है।
साव ने कहा कि यह युवा छत्तीसगढ़ नई ऊर्जा, नए संकल्प और ऊंची उड़ान के साथ विकसित राज्य के निर्माण के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर से शीघ्र ही सशस्त्र नक्सलवाद का अंत होगा। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब खुशहाली और तरक्की का नया दौर शुरू होगा, जो प्रधानमंत्री के विज़न और मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता का परिणाम होगा।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्योत्सव का शुभारंभ प्रदेश के सभी जिलों में किया गया है। हर जिले में उत्साह और गर्व का वातावरण है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए साव ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की कोई राजनीतिक हैसियत नहीं बची है। अब वह क्षेत्रीय दलों की पिछलग्गू बनकर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में पुनः दो-तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रदेश कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए साव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनहितैषी बातें कांग्रेस की समझ से परे हैं, इसलिए आज कांग्रेस की ऐसी दयनीय स्थिति है। भाजपा सरकार ने सरगुजा से नक्सलवाद समाप्त किया था और बस्तर में भी नक्सलियों को हाशिए पर धकेल दिया था, लेकिन कांग्रेस की सरकार आने के बाद नक्सलियों को संरक्षण मिला।
उन्होंने कहा कि अब पुनः प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर, छत्तीसगढ़ और देश नक्सल मुक्त होने की दिशा में अग्रसर हैं।
साव ने कहा कि कांग्रेस के नक्सलियों से रिश्ते जगजाहिर हैं और वे हमेशा समाज व देश को तोड़ने वाले तत्वों के साथ खड़े रहते हैं। इसे पूरा देश जानता है।





