छतरपुर, 15 दिसंबर 2025।
बुंदेली महिलाओं की पाककला, आत्मविश्वास और परंपरा का उत्सव बन चुकी बुंदेली शेफ सीज़न 3 का भव्य ग्रैंड फिनाले रविवार को छतरपुर स्थित द रुद्राक्ष होटल में आयोजित हुआ। बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बुंदेलखंड की रसोई में स्वाद के साथ पहचान और संभावनाओं की असीम ताकत है।

कड़े मुकाबले के बाद झांसी की शाजिदा अमीर ने अपने लाजवाब बुंदेली व्यंजनों से जजेस को प्रभावित करते हुए बुंदेली शेफ सीज़न 3 की विजेता बनने का गौरव हासिल किया। पन्ना की नैंसी शिवहरे (वर्तमान में बेंगलुरु निवासी) प्रथम उपविजेता रहीं, जबकि छतरपुर की विभा अग्निहोत्री ने द्वितीय उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
ग्रैंड फिनाले में विभा अग्निहोत्री, स्वप्निल मोदी, रश्मि ठाकुर, शाजिदा अमीर, नैंसी शिवहरे और वाइल्ड कार्ड एंट्री से शामिल रानू झा ने अपने हुनर का दमखम दिखाया। तीनों विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए गए, वहीं अन्य फाइनलिस्ट्स को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक ललिता यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय महिलाओं को मंच देने के साथ-साथ बुंदेलखंड की संस्कृति, परंपरा और रसोई को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं। बुंदेली महिलाओं का आत्मविश्वास पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है।
निर्णायक की भूमिका में बुंदेली शेफ सीज़न 1 की विजेता शमिता सिंह और सीज़न 2 की विजेता ज़हीदा परवीन रहीं। दोनों ने व्यंजनों में स्वाद के साथ-साथ बुंदेलखंड की झलक और परंपरा को परखा।
बुंदेलखंड 24×7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि बुंदेली शेफ का उद्देश्य केवल एक शो बनाना नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की महिलाओं को सम्मानजनक मंच देना है। सीज़न 3 ने यह साबित कर दिया कि यहां की रसोई में देश को आकर्षित करने की क्षमता है।
चैनल हेड आसिफ पटेल ने कहा कि बुंदेली शेफ अब सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की पहचान बन चुका है।
शो की होस्ट शिवांगी तिवारी ने कहा कि जब प्रतिभागी अपनी थाली में मां के हाथों का स्वाद और मिट्टी की खुशबू लेकर आते हैं, तो पूरा बुंदेलखंड मुस्कुराता है।
विजेता बनने के बाद भावुक शाजिदा अमीर ने कहा,
“यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हर उस बुंदेली महिला की है जो अपने हुनर को दुनिया तक पहुंचाना चाहती है। अब मेरा सपना है कि सिंगापुर में भारतीय रेस्तरां खोलकर भारत और बुंदेलखंड का नाम रोशन करूं।”
कार्यक्रम की सफलता में रुद्राणी कलाग्राम का विशेष सहयोग रहा। पीआर 24×7 पीआर पार्टनर, अफ्फी स्पोर्ट्स ट्रॉफी पार्टनर, तारुका इको, डिवाइन डेकोर एंड गिफ्ट गैलरी और बुंदेलखंड्स फेमस गिफ्टिंग पार्टनर रहे। वैन्यू पार्टनर द रुद्राक्ष होटल और सोशल पार्टनर ‘2030 का भारत’ रहा।
ग्रैंड फिनाले का समापन इस घोषणा के साथ हुआ कि आने वाला सीज़न बुंदेली पाक कला के लिए और भी सुनहरा होगा। बुंदेली शेफ सीज़न 3 ने यह साबित कर दिया कि यह मंच सिर्फ जीत का नहीं, बल्कि परंपरा, अपनेपन और स्वाद की उस यात्रा का प्रतीक है, जिस पर पूरा बुंदेलखंड गर्व करता है।





