बिलासपुर, 20 दिसंबर 2025

शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट की आशंका पर सिरगिट्टी क्षेत्र की दो फर्मों से करीब 1350 किलोग्राम भुना चना जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई शुक्रवार, 19 दिसंबर को की गई।
बताया जा रहा है कि मुंबई और उत्तरप्रदेश में भुने चने में घातक केमिकल की मिलावट के मामले सामने आने के बाद बिलासपुर में भी सतर्कता बढ़ाई गई। जांच के दौरान जब्त चने में असामान्य चमक पाई गई, जिससे केमिकल के उपयोग की आशंका जताई जा रही है। चने के सैंपल जांच के लिए हरियाणा स्थित नेशनल कमोडिटी मैनेजमेंट सर्विस लिमिटेड (NCMSL) की लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट 15 दिन में आने की संभावना है।
अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छापामार कार्रवाई की गई है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कहां-कहां से जब्ती
- अमित फूड प्रोडक्ट, सिरगिट्टी: 600 किलो भुना चना (अनुमानित मूल्य 48 हजार रुपये)
- जय भोले इंडस्ट्रीज: 750 किलो भुना चना (अनुमानित मूल्य 60 हजार रुपये)
- शिवशक्ति दाल मिल: भुने चने का नमूना जांच के लिए लिया गया
मिलावट पहचानने की सलाह अधिकारी ने बताया कि भुने चने का रंग सामान्यतः पीला होता है। यदि उसमें असामान्य चमक दिखे तो केमिकल मिलावट की आशंका हो सकती है। घर पर सटीक जांच संभव नहीं है, इसलिए उपभोक्ताओं को ऐसे चनों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है।
फर्मों को नोटिस सभी संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और ऐसी जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





