प्रमोद कुमार
रायपुर, 14 मार्च 2026।
प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने शनिवार को बलौदाबाजार नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने वार्ड क्रमांक 13 में 32 लाख रुपए की लागत से बने नव-निर्मित हाट बाजार का लोकार्पण किया, वहीं वार्ड क्रमांक 10 में बनने वाले 3 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत के आधुनिक सब्जी बाजार का भूमिपूजन किया।

नवनिर्मित हाट बाजार में करीब 32 पक्के छत वाले चबूतरे बनाए गए हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों को बेहतर व्यापारिक सुविधा मिल सकेगी। वहीं प्रस्तावित सब्जी बाजार आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे शहर में व्यवस्थित और साफ-सुथरा बाजार विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टंक राम वर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार शहर के विकास में एक नई कड़ी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि शहर में बदलाव अब साफ दिखाई देने लगा है और आने वाले दो वर्षों में शहर का स्वरूप और अधिक सुंदर व व्यवस्थित होगा।
उन्होंने कहा कि केवल सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों से ही शहर सुंदर नहीं बनता, बल्कि इसके लिए नागरिकों की जागरूकता भी जरूरी है। नगरवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी सभी को मिलकर निभानी होगी। कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालने की आदत विकसित करनी चाहिए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक लक्ष्मी बघेल, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जीतेन्द्र महले सहित पार्षदगण और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।





