सतीश शर्मा
रायपुर, 11 जून 2026

छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फीचर फिल्म ‘महूँ दिलवाला तहूँ दिलवाली’ 12 जून (शुक्रवार) से प्रदेशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्माण एस जे फिल्म्स (एलएलपी) ने किया है। इसके निर्माता रॉकी दासवानी और नीरज विक्रम हैं, जबकि कहानी, पटकथा और निर्देशन की जिम्मेदारी भी नीरज विक्रम ने संभाली है।
फिल्म एक पारिवारिक और रोमांटिक कहानी पर आधारित है, जिसमें प्रेम, रिश्तों, संघर्ष और भावनाओं को छत्तीसगढ़ी संस्कृति की पृष्ठभूमि में प्रस्तुत किया गया है। निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म हर वर्ग के दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें भावनात्मक रूप से भी जोड़ने में सफल होगी।
फिल्म में आयुष राजवैद्य, प्राची ठाकुर, प्रकाश अवस्थी, करण खान, संजय महानंद, शालिनी विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, वैष्णवी जैन, अंजलि चौहान, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, विक्रांत सेंद्रे, प्रदीप शर्मा और हेमलाल कौशल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का संगीत सुनील सोनी ने तैयार किया है। इसमें कुल सात गीत शामिल हैं, जिन्हें रिलीज से पहले ही दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल चुकी है। गीतों को सुनील सोनी, अलका चंद्राकर, अनुज शर्मा, गरिमा दिवाकर, कंचन जोशी और मोनिका सोनी ने अपनी आवाज दी है। वहीं फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक पहली बार सागर बोस ने तैयार किया है, जिसे छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए एक नया प्रयोग माना जा रहा है।
फिल्म के संवाद लेखन में देवेश तिवारी अमोरा का विशेष योगदान रहा है।
फिल्म का विशेष प्रीमियर शो 12 जून को सुबह 11:30 बजे रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े कलाकार, तकनीकी टीम, मीडिया प्रतिनिधि, सोशल मीडिया क्रिएटर्स और कई विशेष अतिथि मौजूद रहेंगे।
फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक नीरज विक्रम ने दर्शकों से अपील करते हुए कहा कि यह फिल्म छत्तीसगढ़ की मिट्टी, संस्कृति और भावनाओं से जुड़ी एक सच्ची मनोरंजक प्रस्तुति है। उन्हें विश्वास है कि दर्शक फिल्म को भरपूर प्यार और आशीर्वाद देंगे।
12 जून से ‘महूँ दिलवाला तहूँ दिलवाली’ पूरे छत्तीसगढ़ के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।



