19 Sep 2026, Sat
Breaking

6 महीने से बीमार बालिका की हालत में सुधार: आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा की पहल रंग लाई, सुपरवाइज़र ने जताया आभार

सतीश शर्मा

रायपुर, 21 जून। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा की संवेदनशील पहल से गंभीर रूप से बीमार एक पीड़ित बालिका के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। उपचार के लिए 15 जनवरी 2026 को रायपुर लाई गई बालिका के मामले की डॉ. शर्मा शुरू से ही नियमित मॉनिटरिंग कर रही थीं।

चिकित्सकों के सतत उपचार, अस्पताल प्रशासन के सहयोग और शुभचिंतकों की प्रार्थनाओं के चलते बालिका की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। वर्तमान में वह स्वस्थ होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

बालिका की देखभाल के लिए दंतेवाड़ा से रायपुर आई सुपरवाइज़र ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उपचार के दौरान सामने आई उनकी व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी मिलने पर डॉ. वर्णिका शर्मा ने तत्काल आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया, जिससे उन्हें राहत मिली और बालिका की देखभाल निर्बाध रूप से जारी रह सकी।

डॉ. शर्मा के सहयोग से भावुक सुपरवाइज़र ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशीलता और समय पर मिली मदद ने कठिन परिस्थितियों में बड़ा सहारा दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. शर्मा आगे भी जरूरतमंद बच्चों की सहायता करती रहेंगी, जिससे प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित जीवन और बेहतर भविष्य मिल सके।

बालिका एवं उसके परिजनों ने उपचार में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, अस्पताल प्रशासन, डॉ. वर्णिका शर्मा तथा सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। परिजनों का कहना है कि सभी की शुभकामनाओं और प्रयासों से बालिका के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है।

पढ़ें   हर घर नल-जल मिशन पर मुख्य सचिव का अल्टीमेटम: 31 अगस्त तक पूरी योजनाओं का सत्यापन, अधूरे काम 31 दिसंबर तक हर हाल में पूरे करें

डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, समुचित उपचार और गरिमापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के हित में किया गया हर संवेदनशील प्रयास समाज में विश्वास, सुरक्षा और मानवीय मूल्यों को और अधिक मजबूत बनाता है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed