22 Jun 2026, Mon

राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा राजनीतिक नौटंकी, ‘मैगी राजनीति’ से नहीं छिपेगी कांग्रेस की गुटबाजी : केदार कश्यप

सतीश शर्मा

रायपुर, 22 जून 2026

वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया छत्तीसगढ़ दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे राजनीतिक नौटंकी और कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी पर पर्दा डालने का असफल प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में न तो प्रदेश की जनता की समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई और न ही राज्य के विकास को लेकर कोई ठोस दृष्टिकोण सामने आया।

 

 

केदार कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी कुछ घंटों के लिए छत्तीसगढ़ आए, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने का दावा किया और कैमरों के सामने प्रतीकात्मक गतिविधियों तक सीमित रहे। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने का कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है और पार्टी केवल आयोजन एवं प्रचार तक सिमटकर रह गई है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की नसीहत देना इस बात का संकेत है कि प्रदेश कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और नेतृत्व संकट चरम पर है। यदि किसी राजनीतिक दल को अपने कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ पढ़ाना पड़े तो यह उसकी संगठनात्मक कमजोरी को दर्शाता है।

कश्यप ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय कार्यशैली की नकल करने का प्रयास करते हैं, लेकिन नकल और नेतृत्व में बड़ा अंतर होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां प्रधानमंत्री मोदी जनता के बीच विकास, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण की बात करते हैं, वहीं राहुल गांधी का कार्यक्रम केवल “मैगी राजनीति” और फोटो अवसरों तक सीमित दिखाई दिया।

पढ़ें   रायपुर में ईंट भट्ठे पर तड़के छापा: 3 नाबालिग बच्चियां रेस्क्यू, मालिक पर बाल श्रम कानून के तहत केस दर्ज

वन मंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी के इस दौरे से छत्तीसगढ़ को क्या मिला। उन्होंने पूछा कि क्या किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के रोजगार, आदिवासी क्षेत्रों के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण या बुनियादी सुविधाओं को लेकर कोई ठोस घोषणा की गई। उनके अनुसार इन सवालों का जवाब कांग्रेस के पास नहीं है।

केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश में शराब, कोयला और भर्ती घोटालों सहित कई भ्रष्टाचार के मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस विकास के बजाय भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का केंद्र बन गई थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कांग्रेस इन उपलब्धियों का मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए प्रतीकात्मक कार्यक्रमों और दिखावटी राजनीति का सहारा ले रही है।

कश्यप ने दावा किया कि राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एक राजनीतिक पिकनिक से अधिक कुछ नहीं था। उन्होंने कहा कि इससे न तो कांग्रेस को नई दिशा मिलेगी और न ही प्रदेश की जनता को कोई लाभ होगा। छत्तीसगढ़ की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति के साथ खड़ी है।

 

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *