29 Jun 2026, Mon
Breaking

धमतरी में मछली व्यापारी की हत्या का खुलासा: मजदूरी विवाद में साथ काम करने वालों ने उतारा मौत के घाट, 48 घंटे में पुलिस ने दबोचा

 

धमतरी, 29 जून 2026। नगरी थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। आरोपियों ने मजदूरी बढ़ाने से इनकार और कथित अपमान का बदला लेने के लिए व्यापारी की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी नगरी, थाना नगरी और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

 

 

जांच में पता चला कि मृतक विप्लव मंडल निजी फिश फार्म का संचालन करता था। आरोपी उसके यहां मजदूरी करते थे। मजदूरी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने और कथित तौर पर बार-बार अपमानित किए जाने से वे रंजिश पाल बैठे थे। 25 जून को हत्या की योजना बनाई गई थी, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद 27 जून को दोबारा योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

आरोपियों ने नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहे व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी और गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान जंगल में घात लगाकर हमला कर दिया। लकड़ी के डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद व्यापारी के पास मौजूद नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए तथा रकम का आपस में बंटवारा कर लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नगरी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 309(6) और 311 के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई पूरी नकदी, मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद कर लिए गए।

पढ़ें   सचिव की कलेक्टरों को दो टूक : अवैध रेत खनन पर सख्ती से हो कार्रवाई, सीएम के निर्देशों के पालन में लापरवाही पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार

गिरफ्तार आरोपी

  • टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19 वर्ष)
  • सुरेंद्र यादव (26 वर्ष)
  • जगदीश विश्वकर्मा (50 वर्ष)

पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *