13 Oct 2026, Tue
Breaking

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या: हाथ-पैर बांधकर मार डाला, 4 बाल अपचारी फरार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

बिलासपुर, 13 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रविवार देर रात हुई चौकीदार की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि चार बाल अपचारियों ने पहले चौकीदार के साथ बेरहमी से मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला घोंट दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बाल अपचारी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “सिंह सर और अधीक्षक मैडम ने हत्या करवाई है।” हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या का मुख्य आरोपी जल्द ही बालिग होने के कारण जेल शिफ्ट होने वाला था। फरार चारों बाल अपचारी हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध थे। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी किया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूत और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होगा।

पढ़ें   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की बड़ी कामयाबी: देशभर में सबसे तेज़ GST कलेक्शन ग्रोथ, 18% बढ़ोतरी के साथ बना नंबर-1 राज्य

इस सनसनीखेज घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस संस्थान में कानून से संघर्षरत किशोरों की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, वहीं चौकीदार की हत्या और चार बाल अपचारियों के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फरार बाल अपचारियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।

Share