18 Sep 2026, Fri

बिलासपुर के सब्जी बाजार में कोबरा निकलते ही हड़कंप: करेले चुन रहे युवक को डसा, लोगों में मची अफरा-तफरी

बिलासपुर, 29 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करेले के ढेर से अचानक एक जहरीला कोबरा निकल आया। करेला चुन रहे एक युवक को सांप ने पैर में डस लिया, जिसके बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, सरकंडा क्षेत्र के बहतराई निवासी बिहारी साहू सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे थे। वे करेले के ढेर से करेला छांट रहे थे, तभी उसमें छिपा कोबरा अचानक फन फैलाकर बाहर निकला और उनके पैर में डस लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग सब्जियां छोड़कर इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पास की झाड़ियों से निकलकर कोबरा पहले सब्जी विक्रेता के करेले के ढेर में जाकर छिप गया था। किसी को इसकी भनक नहीं लगी। जैसे ही युवक ने करेला उठाना शुरू किया, सांप ने हमला कर दिया।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने कोबरा का वीडियो भी बना लिया, जिसमें वह करेले के ढेर के बीच फन फैलाए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ लोगों से बरसात के मौसम में बाजार, खेत और झाड़ियों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की जा रही है।

बरसात के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में रिहायशी इलाकों और बाजारों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों से सब्जियों के ढेर, घास-फूस और झाड़ियों के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल घायल युवक की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

Share
पढ़ें   दोस्त को बोला- मेरा लड़ने का मन है, फिर चाकू घोंपा: भागते हुए नाबालिग को पकड़ा, बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी