28 Sep 2026, Mon
Breaking

श्यामगिरी पहुंचे विजय शर्मा-केदार कश्यप, शहीद भीमा मंडावी को दी श्रद्धांजलि; बोले- बस्तर की जनता जीती, नक्सलवाद हार गया

 

रायपुर, 13 अगस्त 2026/ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप आज दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचे। जहां उन्होंने श्यामगिरी में हुई 2019 की घटना के स्थल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। स्थानीय लोगों, चश्मदीदों और स्व. भीमा मंडावी के सहयोगियों ने घटना की विभीषिका को बयां किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने अरनपुर और श्यामगिरी में हुई घटनाओं के 13 शहीदों की याद में पौधरोपण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से आत्मीयता से मुलाकात की। मंत्री द्वय ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनसे चर्चा की और प्राप्त हो रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस संवेदनशील पल में सभी की आंखें नम हो गईं, जब उन्होंने अपने साथी रहे और तत्कालीन दंतेवाड़ा विधायक स्व. भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी से मुलाकात की। सभी ने शहीदों की याद में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि हम लोगों में से सभी ने नक्सल हिंसा में किसी न किसी को खोया है। किसी ने अपना मित्र, भाई, पिता, रिश्तेदार, जानने वाले और किसी ने स्वजन को खोया है। उन्होंने बताया कि जब केंजा नक्सली मनवा माटा अभियान के तहत नक्सल पीड़ित राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे, तो एक छोटी सी बालिका ने बताया था कि कैसे उसने नक्सल हिंसा में अपनी दोनों आंखें खो दी थीं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए हमने बड़ा संघर्ष किया है। कई लोगों की शहादत के बाद आज हम शान से तिरंगा लहरा पा रहे हैं। पहले तिरंगा फहराने पर नक्सलियों द्वारा डराया जाता था, अब कोई भी हमें तिरंगा फहराने से रोकने वाला नहीं है। मतलब अब भारत का संविधान हर कोने में बिना किसी डर के लागू होगा।

पढ़ें   धमतरी में धर्मांतरित परिवार की समाज में वापसी: पैर धोए, गंगाजल छिड़का, तुलसी पत्र खिलाया; महिला का हिंदू रीति से अंतिम संस्कार

उन्होंने सभी से अपने घर पर तिरंगा लगाने और अपने पड़ोसियों को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर आप तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो पा रहे हैं तो सोशल मीडिया पर तिरंगा जरूर लगाएं और सभी को लगाने के लिए कहें। उन्होंने कहा कि “बस्तर की जनता जीत गई और नक्सलवाद हार गया है।” बस्तर की जनता के संकल्प ने नक्सलवाद को जड़ से मिटाने का कार्य किया है।

ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नकुलनार से बचेली मार्ग का नामकरण शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही। इसके लिए सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करने कलेक्टर को निर्देशित किया।

इस अवसर पर सभी ने “एक पेड़ शहीदों के नाम” के तहत पौधारोपण किया और घटनास्थल से मिट्टी लेकर उसे संग्रहित किया। इस दौरान सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, आईजी बस्तर बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, एसपी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

समूह की महिलाओं से की चर्चा

उप मुख्यमंत्री ने वहां आई बिहान समूह की महिलाओं से चर्चा की और उन्हें लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर कार्य करने को कहा। उन्होंने बताया कि अब छत्तीसकला ब्रांड के अंतर्गत शासन द्वारा बिहान उत्पादों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका अवश्य लाभ लें।

राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेताओं से की मुलाकात

मंत्री द्वय ने राष्ट्रपति भवन जाकर लौटे बस्तर पंडुम विजेता अरनपुर की मांदरी दल से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में महिलाओं से कहा कि पहले आप दिल्ली में राष्ट्रपति के पास गई थीं, अब राष्ट्रपति भी आपके घर आएंगी और चाय पीएंगी।

पढ़ें   नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक युद्ध: बस्तर भयमुक्त होगा, 2026 तक नक्सलवाद का संपूर्ण खात्मा सुनिश्चित - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

इस पर सभी ने कहा कि “हम भी चाहते हैं कि वे बस्तर आएं, हम भी उन्हें अपने हाथों से खाना खिलाएंगे।”

Share

 

 

 

 

 

You Missed