14 Oct 2026, Wed
Breaking

YITM बंद होने के बाद 68 BTech छात्रों को राहत, CSVTU ने दुर्ग-भिलाई के तकनीकी संस्थानों में किया ट्रांसफर, 1 सितंबर तक प्रवेश जरूरी

भिलाईनगर, 27 अगस्त 2026। युगांतर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी एंड मैनेजमेंट (YITM), राजनांदगांव के बंद होने के बाद वहां पढ़ रहे 68 BTech विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने बड़ा फैसला लिया है। विश्वविद्यालय ने सभी विद्यार्थियों को दुर्ग-भिलाई के अन्य तकनीकी संस्थानों में स्थानांतरित कर दिया है।

कुल 68 विद्यार्थियों में 28 नियमित और 40 डिटेंड श्रेणी के छात्र शामिल हैं। इनमें 67 विद्यार्थियों को छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CSIT), दुर्ग में प्रवेश दिया गया है, जबकि एक छात्र को RSR रुगंटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, भिलाई में स्थानांतरित किया गया है।

विश्वविद्यालय ने सभी विद्यार्थियों को 1 सितंबर तक नए संस्थान में प्रवेश लेने के निर्देश दिए हैं। संबंधित कॉलेजों को विद्यार्थियों के प्रवेश की जानकारी और ट्रांसफर सर्टिफिकेट की छायाप्रति विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है, ताकि नए रोल नंबर जारी किए जा सकें।

तीन सेमेस्टर के नियमित छात्रों को राहत

नियमित विद्यार्थियों में तीसरे सेमेस्टर के 8, पांचवें सेमेस्टर के 11 और सातवें सेमेस्टर के 9 छात्र शामिल हैं। इन सभी 28 विद्यार्थियों को CSIT दुर्ग में प्रवेश लेना होगा।

वहीं डिटेंड श्रेणी में तीसरे सेमेस्टर के 2, पांचवें के 6, छठवें के 19 और सातवें सेमेस्टर के 13 विद्यार्थी हैं। इनमें लगभग सभी को CSIT दुर्ग भेजा गया है। केवल तीसरे सेमेस्टर के एक छात्र को RSR रुगंटा कॉलेज, भिलाई में स्थानांतरित किया गया है।

परीक्षा को लेकर भी स्थिति स्पष्ट

CSVTU ने परीक्षा संबंधी प्रक्रिया भी स्पष्ट कर दी है। नियमित और डिटेंड दोनों श्रेणी के विद्यार्थियों को सेमेस्टर परीक्षा की पात्रता पूरी करने के बाद ही मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अनुमति होगी।

पढ़ें   रायगढ़ में 41वें चक्रधर समारोह की शुरुआत: राज्यपाल रमेन डेका ने कहा- नई पीढ़ी तक पहुंच रही महाराजा चक्रधर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत

संस्थान बंद होने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई और डिग्री की निरंतरता को लेकर बनी चिंता के बीच विश्वविद्यालय के इस फैसले से छात्रों को राहत मिली है। हालांकि, नए कॉलेजों में रिकॉर्ड, रोल नंबर, कक्षाओं और परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित करना अब संबंधित संस्थानों की जिम्मेदारी होगी।

Share

 

 

 

 

 

You Missed