7 Nov 2026, Sat

CG में नकली शराब के बाद अब तंबाकू का रैकेट: भानुप्रतापपुर में 75 बोरा संदिग्ध माल जब्त, सप्लायर-डीलर पर कॉपीराइट एक्ट में केस

भानुप्रतापपुर, 22 सितम्बर 2026। नकली शराब के रैकेट के खुलासे के बाद अब भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली तंबाकू की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक छोटे मालवाहक वाहन से ‘ऊं सुरेश छाप’ ब्रांड का करीब 75 बोरा संदिग्ध नकली तंबाकू जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, भानुप्रतापपुर और दल्लीराजहरा क्षेत्र में ‘ऊं सुरेश छाप’ के नाम और मार्का का डुप्लीकेट तंबाकू खपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 18 सितंबर को वाहनों की जांच के दौरान CG 08 BH 6398 नंबर का छोटा मालवाहक संदिग्ध मिला।

दस्तावेज नहीं दिखा पाया चालक

पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ कर उसमें लदे सामान के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद वाहन को थाने लाकर सामान की जांच की गई। जांच में वाहन में बड़ी मात्रा में तंबाकू मिला, जिसके नकली होने की आशंका जताई गई।

पुलिस ने तंबाकू के वास्तविक निर्माता और ब्रांड की जानकारी जुटाने के लिए भिलाई की ओम आशा पुरी ट्रेडर्स के संचालक नदीम शहबाज से भी जानकारी ली। जांच में क्षेत्र में इस मार्का के नकली तंबाकू की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई।

नागपुर का सप्लायर, दल्लीराजहरा का डीलर

पुलिस के मुताबिक, जब्त तंबाकू की सप्लाई नागपुर निवासी सचिन ठाकरे द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को इसका डीलर बताया गया है।

दोनों के खिलाफ पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और BNS की धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पढ़ें   महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त आज जारी: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन करेंगे ₹647 करोड़ ट्रांसफर, 69 लाख महिलाओं को मिलेगा फायदा – माओवादी इलाकों की 7658 महिलाओं को पहली बार लाभ

नकली माल कहां तैयार होता था, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली तंबाकू कहां तैयार किया जा रहा था और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई होती थी। पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि करीब 13 दिन पहले भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले रैकेट का खुलासा किया था। अब नकली तंबाकू की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद क्षेत्र में नकली उत्पादों की सप्लाई को लेकर जांच और तेज हो गई है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed