25 Sep 2026, Fri
Breaking

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से हाईवे जलमग्न, कुम्हारी में ट्रैफिक थमा; पुलिस ने कई रूट बदले, वाहन चालकों को अतिरिक्त समय रखने की सलाह

रायपुर, 25 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के चलते कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह इलाके में जलभराव हो गया। इससे रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यातायात का दबाव कम करने और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों के लिए डायवर्जन जारी किया है। राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बायपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गदाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होकर भेजा जा रहा है।

वहीं बालोद से रायपुर आने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, गदाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर का मार्ग निर्धारित किया गया है।

भिलाई ट्रांसपोर्ट नगर और नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबांध, मालपुरी कला, बबलेसर, कंडरका चौक, पथरीडीह, उरला और बिरगांव होकर जाने की सलाह दी गई है।

भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों को रायपुर जाने के लिए उतई–सेलूद–फुंडा–मोतीपुर मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले अतिरिक्त यात्रा समय रखने, डायवर्जन का पालन करने और जलभराव वाले मार्गों से बचने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Share
पढ़ें   गिफ्ट-हॉलिडे पैकेज के नाम पर करोड़ों की ठगी: मैग्नेटो मॉल में ऑफिस खोल लोगों को फंसाया, संचालक समेत 16 पर FIR

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed