12 Nov 2026, Thu
Breaking

महानदी उफान पर: सूरजगढ़-परसापाली में 450 से ज्यादा ग्रामीण शिफ्ट, राहत शिविरों में भोजन-पानी की व्यवस्था

 

रायपुर, 27 सितम्बर 2026/ महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुसौर विकासखंड अंतर्गत महानदी के तटीय क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

पुसौर विकासखंड में महानदी के तटीय इलाके में स्थित गांव सूरजगढ़ और परसापाली में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है। सूरजगढ़ गांव में प्रभावित करीब 450 लोग ग्रामीणों को पड़ीगांव राहत शिविर में शिफ्ट किया जा रहा है। शिविर में भोजन, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा की जा रही हैं। इसी तरह परसापाली में भी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित लोगों के लिए छिछोर उमरिया के स्कूल भवन में राहत शिविर बनाया गया है। यहां भी प्रभावित ग्रामीणों को पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा महानदी के अन्य तटीय क्षेत्रों में भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। तटीय इलाकों में बाढ़ की संभावना को देखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

एसडीएम महेश शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर जलस्तर, प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पुसौर जनपद पंचायत के सीईओ, पंचायत सचिव, पटवारी तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों से जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी के आसपास जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Share
पढ़ें   सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले नेक व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए एसएसपी रायपुर डॉ. संतोष कुमार सिंह ने प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह और शहर भर में होर्डिंग्स के माध्यम से किया सार्वजनिक सम्मान

 

 

 

 

 

You Missed