रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले सीजन के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल सोमवार से रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर शुरू हुआ। ट्रायल के लिए पंजीकृत 373 खिलाड़ियों में से 223 खिलाड़ियों ने पहले दिन मैदान पर उतरकर चयन के लिए अपना प्रदर्शन किया।
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ट्रायल स्थल पहुंचकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की जड़ें बहुत गहरी हैं और चयन ट्रायल में खिलाड़ियों का उत्साह इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों के जुनून को देखकर उन्हें खुशी हुई। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने ट्रायल में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
छह टीमों के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शामिल छह टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यह ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार संचालित की जा रही है।
ट्रायल का संचालन खेल अधिकारियों, हॉकी विशेषज्ञों, हॉकी संघ और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल की देखरेख में किया जा रहा है। पैनल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का, बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, राजनांदगांव से अनुराग श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी शामिल हैं।
29 सितंबर को भी जारी रहेगा ट्रायल
चयन ट्रायल 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से जारी रहेगा। ट्रायल पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची और चयन प्रक्रिया का प्रतिवेदन खेल संचालनालय को सौंपा जाएगा। इसी के आधार पर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह टीमों का गठन किया जाएगा।
21 अक्टूबर से शुरू होगा CHL का पहला सीजन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) छत्तीसगढ़ की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है। इसका आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया जा रहा है। लीग का उद्देश्य राज्य के हॉकी खिलाड़ियों को प्रतिभा प्रदर्शन, प्रतिस्पर्धी अनुभव और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
CHL का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी आधारित टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
इन टीमों में राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
हर टीम में होंगे 22 खिलाड़ी
लीग की प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर से चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे।
लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में हॉकी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर तैयार करना और राज्य में राष्ट्रीय खेल हॉकी के निरंतर विकास में योगदान देना है।
“चलो रे संगी, हॉकी खेलबो” टैगलाइन के साथ आयोजित होने वाली यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल पहचान, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के प्रति बढ़ती आकांक्षाओं को सामने लाने का प्रयास है।




