कांकेर, 30 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर-गड़चिरौली (महाराष्ट्र) सीमा से लगे जंगल-पहाड़ी इलाके में जवानों ने नक्सलियों का छिपाया हुआ डंप बरामद किया है। डंप में हथियार, कारतूस, प्रिंटर समेत अन्य नक्सली सामग्री मिली है।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने ग्राम दागुनटोला-पुसगटटा के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान जवानों को एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। तलाशी लेने पर जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सल डंप बरामद हुआ।

डंप से हथियार और कारतूस बरामद
सुरक्षा बलों ने नक्सल डंप से एक सिंगल बैरल 12 बोर रायफल, एक डबल बैरल 12 बोर रायफल और 11 कारतूस बरामद किए। इसके अलावा दो प्रिंटर और अन्य नक्सली सामग्री भी मिली है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कांकेर जिले के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। जिला बल के साथ बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम सीमावर्ती इलाकों में लगातार सर्चिंग कर रही है।
बीएसएफ अधिकारियों ने संभाली अभियान की कमान
इस अभियान का नेतृत्व बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर एचएन शर्मा और इंस्पेक्टर हनुमान सहाय मीणा ने किया। सुरक्षा बलों की ओर से सीमावर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा और संदिग्ध स्थानों पर लगातार सर्चिंग की जाएगी।



