29 Oct 2026, Thu

कोटपाड़ में 27 गायों को बचाया, 9 क्विंटल गौमांस बरामद: बस्तर के गौ सेवकों ने उठाई जांच की मांग, नेटवर्क खंगालने पर जोर

जगदलपुर। बस्तर जिले के गौ सेवक गौवंश के संरक्षण और सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच ओडिशा के कोटपाड़ में 27 गायों को कथित कत्लखाने से बचाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 9 क्विंटल गौमांस भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। मामले को लेकर गौ सेवकों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

गौवंश संरक्षण का मुद्दा उठाने के बाद हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले के गौ सेवकों ने ओडिशा के विधायक रूपु भतरा से मुलाकात कर गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण का मुद्दा उठाया था। इसके बाद कोटपाड़ में पुलिस कार्रवाई के दौरान 27 गायों को बचाया गया। इनमें से 19 गायों को कुरंदी स्थित हैप्पी कामधेनु गौशाला को सौंपा गया, जबकि शेष 8 गायों को कोटपाड़ के स्थानीय गौपालकों के सुपुर्द किया गया।

गौमांस के परिवहन और बिक्री नेटवर्क की जांच की मांग

गौ सेवकों ने इस मामले में गौमांस के अवैध कारोबार के संभावित नेटवर्क की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इस कारोबार का संबंध छत्तीसगढ़ के जगदलपुर तक होने की आशंका है। गौ सेवकों के अनुसार, पूर्व में पकड़े गए गौमांस तस्करी के एक आरोपी ने कथित तौर पर कोटपाड़ क्षेत्र से गौमांस का परिवहन कर बिक्री करने की बात स्वीकार की थी।

गौ सेवकों ने संबंधित एजेंसियों से गौवंश वध, गौमांस के परिवहन और बिक्री से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच करने की मांग की है, ताकि मामले से जुड़े लोगों और गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

पढ़ें   CG में नकली शराब के बाद अब तंबाकू का रैकेट: भानुप्रतापपुर में 75 बोरा संदिग्ध माल जब्त, सप्लायर-डीलर पर कॉपीराइट एक्ट में केस

मुन्ना बजरंगी बोले- पूरे मामले की हो निष्पक्ष जांच

गौ सेवक मुन्ना बजरंगी ने कहा कि 27 गायों को बचाया जाना राहत की बात है, लेकिन मौके से लगभग 9 क्विंटल गौमांस बरामद होने की जानकारी मामले की गंभीरता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मामले से जुड़े लोगों, परिवहन के रास्तों और मांस की बिक्री के संभावित ठिकानों की भी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

रोहन घोष ने जांच कर कार्रवाई करने की मांग की

गौ सेवक रोहन घोष ने कहा कि ओडिशा में भाजपा की सरकार बनने के बाद कोटपाड़ में 27 गायों को बचाया जाना सराहनीय है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से मामले की तह तक जाने और गौमांस के स्रोत तथा उसके परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले रास्तों का पता लगाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। रोहन घोष ने यह भी कहा कि बस्तर और ओडिशा के गौ सेवक आपसी समन्वय के साथ गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।

विधायक और पुलिस विभाग का जताया आभार

गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक पनपलिया ने कोटपाड़ में 27 गायों को बचाने और गौमांस बरामदगी की कार्रवाई के लिए ओडिशा के विधायक रूपु भतरा तथा पुलिस विभाग का आभार जताया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले की गहन जांच की जाएगी और गौवंश वध तथा गौमांस के कथित अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed