31 Oct 2026, Sat
Breaking

तखतपुर में बिजली ऑपरेटर की मौत: रातभर सब स्टेशन में करता रहा ड्यूटी, सुबह अचेत मिला; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

बिलासपुर, 31 अक्टूबर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय ऑपरेटर की मौत हो गई। घटना के बाद बिजली विभाग और ठेका कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जोखिम भरे काम के बावजूद कर्मचारी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।

रातभर ड्यूटी के बाद सुबह हुआ हादसे का खुलासा

जानकारी के मुताबिक, घटना हिर्री थाना क्षेत्र की है। ग्राम कुरेली निवासी अमन साहू (32 वर्ष) ठेका कंपनी के अंतर्गत बिजली सब स्टेशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि बीती रात वह सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहा था। रातभर ड्यूटी के बाद सुबह जब दूसरा ऑपरेटर (रिलीवर) वहां पहुंचा, तो अमन कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़ा मिला।

इसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि ड्यूटी के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस जांच में जुटी, पंचनामा कार्रवाई जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी की लापरवाही रही है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप, विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

इस घटना के बाद बिजली विभाग और संबंधित ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि बिजली जैसी जोखिम भरी व्यवस्था में काम करने वाले ऑपरेटर को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया गया था या नहीं, यह भी जांच का विषय है।

पढ़ें   तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने पहुंचे CM साय: बोले—लोककला की महान साधिका की स्मृतियां रहेंगी अमर, कलाकारों को मिलेगा नया सम्मान

फिलहाल 32 वर्षीय अमन साहू की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। अब सभी की नजर जांच पर है, जिससे हादसे की असली वजह और जिम्मेदारों की भूमिका सामने आ सके।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed