12 Apr 2025, Sat 3:16:45 PM
Breaking

दंगाग्रस्त कवर्धा रवाना हुए भाजपा नेता:नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा- दूसरे जिलों से नहीं गए कार्यकर्ता, अब वे जा रहे हैं, पीड़ित परिवारों से मिलेंगे

न्यूज़ डेस्क, गोपी कृष्ण साहू, रायपुर/कवर्धा, 6 अक्टूबर 2021,

 

स्ट्रीट लाइट पर लगे धार्मिक रंग वाले झंडे को उतारने और दूसरे रंग का झंडा लगाने से शांतिप्रिय छत्तीसगढ़ का कवर्धा साम्प्रदायिक दंगे की चपेट में है। कल दिन भर चले बवाल और गिरफ्तारियों के बाद भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल वहां के लिए रवाना हुआ है। इसमें नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक नारायण चंदेल और सांसद संतोष पाण्डेय शामिल हैं।

 

कवर्धा रवाना होने से पहले नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, उनकी जानकारी में भाजपा का कोई कार्यकर्ता दूसरे जिलों से कवर्धा नहीं गया है। उन्होंने कहा, वे लोग कवर्धा जा रहे हैं, वहां पीड़ित परिवारों से बातचीत करेंगे। प्रमुख लोगों से मुलाकात करेंगे। हम यह जानने की कोशिश करेंगे कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। ऐसी परिस्थिति कितने दिनों से बन रही थी। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ के लिए यह बड़ी घटना है। जिस प्रकार से यह घटना हुई है, उसका आंकलन करने के लिए वहां जाना जरूरी है।

CM पर निशाना: कवर्धा जल रहा है और लोग नेतागिरी करने बाहर जा रहे हैं

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, कवर्धा जल रहा है और लोग नेतागिरी करने बाहर जा रहे हैं। प्रदेश के गृह मंत्री मौनी बाबा बन गए हैं। इनको अपने प्रदेश और जिले की चिंता नहीं है। ऐसी स्थिति में हमको जाकर स्वयं आकलन करना चाहिए। शांति व्यवस्था स्थापित करने की बातचीत करनी चाहिए।

सफाई दी: भाजपा अवसर की राजनीति नहीं करती, 15 साल तक मिला था

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, भाजपा अवसर की राजनीति नहीं करती। भगवान की दया से 15 साल तक उनको सत्ता में रहने का अवसर मिला है। भगवान की कृपा रही तो आगे भी मिलेगा। जिनको ले देकर अवसर मिल गया है वह इसकी चिंता करें।

पढ़ें   CG BJP का चिंता शिविर : बस्तर में आज से '2023 मिशन' के लिए BJP का चिंतन शिविर, कई राष्ट्रीय नेता होंगे शामिल, बंद कमरें में बनेगी 2023 विधानसभा जीत की रणनीति

कवर्धा में अभी भी तनाव, तीन जिलों में इंटरनेट बंद

कवर्धा जिले में अभी भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कवर्धा, बेमेतरा और राजनांदगांव में इंटरनेट बंद करा दिया गया है। आशंका है कि भड़काऊ पोस्ट साझा होने से दंगा भड़क सकता है। पुलिस वीडियो और फोटो के आधार पर दंगाइयों की पहचान करने में जुटी है। अब तक 70 लोगों की पहचान की जा चुकी है। इसमें से 59 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed