8 Mar 2026, Sun
Breaking

Chardham Yatra: 24 घंटे बाद शुरू हुई केदारनाथ यात्रा, हिमस्खलन के कारण घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी की सुविधा ठप

प्रमोद मिश्रा, रुद्रप्रयाग, 05 मई 2023

एक दिन स्थगित रहने के बाद केदारनाथ यात्रा वीरवार को मौसम साफ होने पर सुचारु हो गई। हालांकि, पैदल मार्ग पर हिमस्खलन होने से तीर्थ यात्रियों को घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी की सुविधा नहीं मिल सकी। ऐसे में पैदल चलने में असमर्थ यात्री गौरीकुंड से आगे नहीं जा पाए। हिमस्खलन का असर यात्रा पर भी पड़ा और सोनप्रयाग से तीर्थ यात्रियों का पहला जत्था सुबह 9:30 बजे निकला। दोपहर दो बजे तक सोनप्रयाग से 9,535 तीर्थयात्री धाम के लिए रवाना हुए। दो दिन बाद धाम के लिए हेली सेवा भी फिर से शुरू हुई।

केदारघाटी में वर्षा और बर्फबारी के चलते बुधवार को किसी भी तीर्थयात्री को केदारनाथ धाम नहीं भेजा गया। वीरवार को सुबह ही मौसम साफ हो गया, लेकिन धाम से करीब 3.5 किमी पहले भैरव और कुबेर गदेरे में हिमस्खलन होने से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया। डीडीएमए, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमएफ और पुलिस के जवानों को मार्ग से बर्फ हटाने में दो से तीन घंटे लग गए।

इस कारण सोनप्रयाग से यात्रियों का पहला जत्था सुबह 9:30 बजे रवाना किया गया। जबकि, आम दिनों में यहां से सुबह पांच बजे यात्रा शुरू हो जाती है। इस देरी के कारण सोनप्रयाग से दोपहर एक बजे के बजाय दो बजे तक यात्री केदारनाथ भेजे गए। इस बीच दोपहर 2:45 बजे कुबेर गदेरे में फिर हिमस्खलन होने से पैदल मार्ग पर बड़ी मात्रा में बर्फ आ गई।

हालांकि, इस बार यात्रा नहीं रोकी गई। पुलिसकर्मी यात्रियों को बर्फ पार कराकर आगे भेजते रहे। गत दिवस भी दोनों गदेरों में हिमस्खलन हुआ था। यहां यात्रियों की सहायता के लिए डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमएफ और पुलिस के जवान तैनात हैं। वहीं, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग मयूर दीक्षित ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारु नहीं होने तक केदारनाथ न जाएं।

पढ़ें   राजधानी रायपुर में आज निकलेगी भव्य गणेश झांकी : राजधानी पुलिस ने जारी किया रोड मैप, शहर के इन इलाकों में वाहन रहेंगे प्रतिबंधित

उन्होंने बताया कि फिलहाल सीमित संख्या में ही सोनप्रयाग से यात्रियों को केदारनाथ भेजा जाएगा। उन्होंने पैदल मार्ग में दोनों ग्लेशियर पर तैनात जवानों को निर्देश दिए कि अपनी और यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

हेली सेवा भी सुचारु

वीरवार को मौसम साफ होने पर केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा भी दिनभर सुचारु रही। एक हजार से अधिक यात्रियों ने हेली सेवा से धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इससे पहले मंगलवार और बुधवार को मौसम खराब होने के कारण हेली सेवा स्थगित रही थी।

पुलिस महानिदेशक लौटे देहरादून

तीन दिन तक केदारनाथ में यात्रा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार वीरवार को देहरादून लौट गए। बुधवार को मौसम खराब होने के कारण वह नहीं लौट पाए थे। केदारनाथ धाम में कैंप के दौरान डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और यात्रियों की मदद व उनसे मित्रतापूर्ण व्यवहार करने को कहा। डीजीपी के साथ पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग डा. विशाखा अशोक भदाणे ने भी तीन दिन तक धाम में व्यवस्था का जायाजा लिया।

एक कुंतल कचरा एकत्र किया

सोनप्रयाग बाजार में स्वच्छता जागरुकता रैली आयोजित की गई। इस दौरान यात्रा मार्ग पर बिखरा एक कुंतल कचरा एकत्रित किया गया। अभियान में जिला पंचायत के कार्मिक, स्थानीय नागरिक, होटल व्यवसायी, सुलभ इंटरनेशनल, स्वजल, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग और महिला संगठनों के सदस्य शामिल हुए।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed