11 Mar 2026, Wed
Breaking

RCB vs GT IPL 2023: शुभमन गिल ने तोड़ा कोहली का ‘विराट’ सपना… शतकीय पारी खेलकर RCB को किया धराशायी

प्रमोद मिश्रा, 22 मई 2023

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का आईपीएल खिताब जीतने का सपना एकबार फिर चकनाचूर हो चुका है. 21 मई (रविवार) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को डिफेंडिग चैम्पियन गुजरात टाइटन्स ने छह विकेट से हरा दिया. आरसीबी यदि इस मुकाबले को जीत लेती तो वह प्लेऑफ में एंट्री कर लेती, लेकिन हार्दिक पंड्या की टीम ने करोड़ों फैन्स की उम्मीदें तोड़ करके रख दीं. आरसीबी की हार के चलते मुंबई इंडियंस को बंपर फायदा पहुंचा और उसने टॉप-चार में जगह बना ली.

गिल के सामने आरसीबी ने घुटने टेके

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गुजरात टाइटन्स की इस शानदार जीत के सूत्रधार रहे ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल. गिल ने क्रीज पर अंगद की तरह पांव जमा लिया और अपनी टीम को मैच जिताकर ही डगआउट की ओर प्रस्थान किया. गिल ने आरसीबी गेंदबाजों की दिशाहीन गेंदबाजी का जमकर फायदा उठाते हुए चौके-छक्कों की बारिश की. मैच के आखिरी ओवर में वेन पार्नेल की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के के लिए भेजकर गिल ने आईपीएल 2023 में न सिर्फ लगातार दूसरा शतक पूरा किया, बल्कि टीम को भी जीत दिला दी.

दाएं हाथ से बैटिंग करने वाले शुभमन गिल ने 52 गेंदों पर नाबाद 104 रनों की पारी खेली. इस तूफानी पारी के दौरान उन्होंने पांच चौके और आठ छक्के लगाए. सीनियर बल्लेबाज विजय शंकर ने भी गिल का बखूबी साथ निभाया और दूसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की. शंकर ने 35 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो सिक्स शामिल रहे. देखा जाए तो गिल का आईपीएल 2023 में ये लगातार दूसरा शतक रहा. गिल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गुजरात के पिछले मुकाबले में 101 रनों की पारी खेली थी.

विराट ने भी खेली थी रिकॉर्डतोड़ पारी

इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पांच विकेट पर 197 रन बनाए थे. आपको बता दें कि यह मुकाबला बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते 55 मिनट देरी से शुरू हुआ था. आरसीबी के लिए विराट कोहली ने 61 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और एक सिक्स शामिल रहा. कोहली का भी यह लगातार दूसरे मैच में शतक रहा.

पढ़ें   रायपुर में मैच : अंतरराष्ट्रीय मैच का होगा भव्य आयोजन, CSCS ने की तैयारी शुरू, जय अमित भाई शाह को प्रभतेज ने आयोजन के लिए दिया धन्यवाद

पहले विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी तीन अंकों का आंकड़ा (100 रन) टच किया था. इस पारी के साथ ही कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले प्लेयर बन गए. कोहली ने क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने छह शतक लगाए. कोहली के अलावा आरसीबी के लिए कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 28 और माइकल ब्रेसवेल ने 26 रन बनाए.

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed