9 Mar 2026, Mon
Breaking

World Athletics Championships Finals: नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीत रचा इतिहास

प्रमोद मिश्रा, 28 अगस्त 2023

ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा अब विश्व चैंपियन भी बन गए। भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने रविवार को विश्व चैंपियनशिप में अपने दूसरे प्रयास में 88.17 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ ही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जेवलिन थ्रो में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के नेशनल एथलेटिक्स सेंटर में भारत के स्टार खिलाड़ी नीरज ने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। नीरज की ऐतिहासिक जीत से जहां उनके गांव खंडरा में खुशी का माहौल है वहीं, देश भर से लोग नीरज को बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। भारतीय सेना, कांग्रेस, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, ‘भारतीय एथलेटिक्स के गोल्डन बॉय ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता जीती। पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है और यह क्षण भारतीय खेल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।’

भारतीय सेना ने दी बधाई
भारतीय सेना ने सूबेदार नीरज चोपड़ा को बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में पुरुषों की भाला फेंक में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।

कांग्रेस ने दी बधाई
कांग्रेस पार्टी ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा को बधाई दी। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) एकाउंट पर लिखा, ‘गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर विश्व पटल पर तिरंगा लहरा दिया है। नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीत लिया है। देश का मान बढ़ाने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’

पढ़ें   CG ब्रेकिंग : CM विष्णु देव साय की अध्यक्षता में यूनिफाइड कमांड की बैठक शुरू

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक
ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैंपियन बनने वाला यह खिलाड़ी इस टूर्नामेंट से पहले सिर्फ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही स्वर्ण नहीं जीत पाया था, लेकिन अब उनकी झोली में इसका स्वर्ण पदक भी है। नीरज के छह अटेम्प्ट फाउल, 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर के रहे।

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वहीं, चेक रिपब्लिक के जाकुब वेदलेच ने 86.67 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ कांस्य पदक पर निशाना साधा। नीरज के साथ फाइनल में भारत के दो अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर 84.77 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर और डीपी मनु 84.14 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे।

बता दें कि नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने का 40 साल का इंतजार खत्म किया है। 1983 में हेलसिंकी में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने पहली बार भाग लिया था, तब से स्वर्ण पदक का इंतजार था। विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले नीरज पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।

पिछली बार जीता था रजत पदक
पिछली बार नीरज ने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। 25 साल के भारतीय स्टार एथलीट ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। वह 2018 में एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। उन्होंने पिछले साल डायमंड लीग भी जीता था।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed