8 Mar 2026, Sun

IND vs AUS: वर्ल्ड कप के बाद फिर गरजे मैक्सवेल, 48 गेंदों पर 104 रन जड़कर भारत से छीनी जीत

खेल डेस्क|भारतीय टीम के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. यह मुकाबला आखिरी बॉल तक गया था. मैच के हीरो ग्लेन मैक्सवेल रहे, जिन्होंने 48 गेंदों पर नाबाद 104 रनों की पारी खेलकर पूरी बाजी ही पलट दी.

गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 223 रनों का टारगेट मिला था. इसके जवाब में कंगारू टीम ने 5 विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया. मैक्सवेल के अलावा टीम के लिए ट्रेविस हेड ने 35 और कप्तान मैथ्यू वेड ने 28 रनों की नाबाद पारी खेली. भारत के लिए रवि बिश्नोई ने 2 विकेट लिए.

जबकि अर्शदीप सिंह, आवेश खान और अक्षर पटेल ने 1-1 सफलता हासिल की. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा सबसे महंगे साबित हुए. उन्होंने अपने 4 ओवरों में 17 के इकोनॉमी रेट से 68 रन लुटाए. अर्शदीप ने भी 44 रन लुटा दिए.

ऐसे गिरे ऑस्ट्रेलियाई टीम के विकेट- (225/5, 20 ओवर्स)

पहला विकेट: एरॉन हार्डी (16), विकेट- अर्शदीप सिंह (47/1)
दूसरा विकेट: ट्रेविस हेड (35), विकेट- आवेश खान (66/2)
तीसरा विकेट: जोश इंग्लिस (10), विकेट- रवि बिश्नोई (68/3)
चौथा विकेट: मार्कस स्टोइनिस (17), विकेट- अक्षर पटेल (128/4)
पांचवां विकेट: टिम डेविड (0), विकेट- रवि बिश्नोई (134/5)

तिलक-गायकवाड़ के बीच 141 रनों की साझेदारी

मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 3 विकेट पर 222 रन बनाए थे. इस पारी के हीरो ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ रहे, जिन्होंने 52 गेंदों पर तूफानी शतक जमाया.

मुकाबले में भारतीय टीम ने 24 रनों पर ही दो विकेट गंवा दिए थे. यशस्वी जायसवाल (6) और ईशान किशन (0) जल्दी पवेलियन लौट गए थे. तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और गायकवाड़ के साथ मिलकर 47 गेंदों पर 57 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला. सूर्या 29 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हुए.

पढ़ें   गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी युवा विषय पर होगा स्लोगन प्रतियोगिता, 1 जनवरी से इस वेबसाइट में करा सकते हो ऑनलाइन पंजीयन



इसके बाद गायकवाड़ ने मोर्चा संभाला और तिलक वर्मा के साथ मिलकर 59 गेंदों पर 141 रनों की पार्टनरशिप कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. मैच में गायकवाड़ ने 57 गेंदों पर सबसे ज्यादा 123 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली. यह टी20 इंटरनेशनल में उनका पहला शतक भी है. जबकि तिलक वर्मा ने 31 रन बनाए. गायकवाड़ ने अपनी पारी में 7 छक्के और 13 चौके जमाए.

ऐसे गिरे भारतीय टीम के विकेट- (222/3, 20 ओवर्स)

पहला विकेट: यशस्वी जायसवाल (6), विकेट- जेसन बेहरेनडॉर्फ (14/1)
दूसरा विकेट: ईशान किशन (0), विकेट- केन रिचर्ड्सन (24/2)
तीसरा विकेट: सूर्यकुमार यादव (39), विकेट- एरॉन हार्डी (81/3)

सीरीज में भारतीय टीम को 2-1 की बढ़त

इस सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है. जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड के हाथों में है. सीरीज का पहला मैच विशाखापट्टनम में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी. इसके बाद दूसरा मैच तिरुवनन्तपुरम में हुआ, जिसे 44 रनों से जीतकर भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई थी. मगर तीसरा मैच हारने से यह बढ़त अब 2-1 की हो गई है.

टी20 में ऑस्ट्रेलिया पर भारी है भारतीय टीम

यदि दोनों ही टीमों का एकदूसरे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में रिकॉर्ड देखा जाए, तो इसमें भारतीय टीम भारी नजर आती है. अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 29 टी20 मुकाबले हुए, जिसमें भारतीय टीम को 17 में जीत मिली है. जबकि 11 मैच हारे और एक मुकाबला बेनतीजा रहा.

पढ़ें   13 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता हुआ सम्पन्न, अमेठी बना इस क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता

कंगारू टीम के खिलाफ भारतीय टीम का अपने घर में भी रिकॉर्ड दमदार ही रहा है. दोनों टीमों के बीच भारतीय जमीन पर अब तक 13 मुकाबले खेले गए, जिसमें से 8 में भारत ने जीत दर्ज की है. जबकि 5 मुकाबले ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं.

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed