धमतरी, 13 जून 2026
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कथित गौमांस बरामदगी के मामले के बाद माहौल गरमा गया है। हिंदू संगठनों की मांग पर नगर निगम की टीम शनिवार को साल्हेवार पारा वार्ड के गाड़ापारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए बुलडोजर लेकर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

विरोध बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हंगामे के चलते कुछ समय के लिए बुलडोजर की कार्रवाई रोक दी गई, लेकिन निगम अमले ने हथौड़ों की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखा। इस दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच लगातार बहस और तनातनी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें मकान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया और बिना उचित वैकल्पिक व्यवस्था के कार्रवाई की जा रही है। वहीं नगर निगम अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था और कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
नगर निगम के अनुसार, क्षेत्र में करीब आठ मकानों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है। विरोध के बावजूद प्रशासन की मौजूदगी में अभियान जारी रहा। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस बल तैनात है।
86 किलो पशु मांस बरामद होने के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 11 जून को हिंदू जागरण मंच ने पुलिस को सूचना दी थी कि साल्हेवारपारा वार्ड के गाड़ापारा क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कथित गौमांस काटा जा रहा है। सूचना मिलने पर संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां एक व्यक्ति पशु मांस काटते हुए दिखाई दिया। लोगों को देखकर वह मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मांस जब्त किया। जांच के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी पहुंची। प्रारंभिक जांच में करीब 86 किलो पशु मांस बरामद होने की पुष्टि हुई है। हालांकि यह मांस गाय का है या किसी अन्य पशु का, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। नमूने जांच के लिए हैदराबाद की प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मांस की वास्तविक पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।



