अंबिकापुर, 14 जून 2026
स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रांतीय विचार वर्ग एवं कार्यशाला का भव्य शुभारंभ रविवार को अंबिकापुर में हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी संभागों से आए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न सामाजिक-आर्थिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उद्घाटन सत्र में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री Rajesh Agrawal, प्रख्यात अर्थशास्त्री Ashwani Mahajan, विधायक Prabodh Minj, स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संयोजक Sudhir Date तथा प्रांत संयोजक Jagdish Patel सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।
स्वागत उद्बोधन में जगदीश पटेल ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी चिंतन तथा स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने स्वावलंबी भारत अभियान की भावी योजनाओं और उद्देश्यों की जानकारी भी दी।
क्षेत्रीय संयोजक सुधीर दाते ने स्वदेशी जागरण मंच की कार्यप्रणाली, वैचारिक आधार और देशभर में चलाए जा रहे जनजागरण अभियानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक अवधारणा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक पुनर्जागरण का माध्यम है।
मुख्य अतिथि मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा आत्मनिर्भर भारत, ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों और उत्पादों को प्रोत्साहन देकर भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।
मुख्य वक्ता प्रो. अश्विनी महाजन ने वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, भारत की आर्थिक संभावनाओं और स्वदेशी आधारित विकास मॉडल पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति, विशाल बाजार और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा सकती है। उन्होंने विदेशी निर्भरता कम करने और भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार, आगामी सत्रों में स्वदेशी अर्थनीति, रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास, स्थानीय उत्पादन, शिक्षा, कृषि और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में “स्वदेशी अपनाएं – स्वावलंबी भारत बनाएं” के उद्घोष के साथ प्रथम दिवस का समापन हुआ। इस अवसर पर दिनेश पाटिल, सुब्रत चाकी, दिग्विजय भाकरे, उमेश पासवान, संजय चौवे, सुमन मुथा, शंकर त्रिपाठी, राजकिशोर चौधरी, उपेंद्र यादव, किरण सिंह, ठाकुर राम राजवाड़े और योगेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



