सतीश शर्मा
रायपुर, 17 जून 2026

छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्र के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने ₹755 करोड़ की चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना को प्रदेश के विकास और कोयला परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परियोजना को स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी रेल लाइन बनने से कोयला परिवहन क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे बिजली उत्पादन और उद्योगों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही यात्रियों के लिए रेल सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सरकार के अनुसार, यह परियोजना औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। चांपा-कोरबा क्षेत्र देश के प्रमुख ऊर्जा केंद्रों में शामिल है, ऐसे में नई रेल लाइन से परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम और प्रभावी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।




