कोरिया, 17 जून 2026
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार के बाद उनके रिश्तेदार वीरू सिंह की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या और आगजनी का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर रेत उत्खनन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो रात में हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि हमलावरों ने फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के समय वाहन में सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और उनके रिश्तेदार वीरू सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे।
घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पहले भरत सिंह गहरवार की मौत हुई। वहीं बुधवार को वीरू सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना में घायल हुए तीन अन्य लोगों का इलाज अंबिकापुर अस्पताल में जारी है। इनमें से योगेन्द्र सिंह की हालत में सुधार बताया जा रहा है और वह बयान देने की स्थिति में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास) और आगजनी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों में अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी शामिल हैं। इनमें से चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दोहरी मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




