सतीश शर्मा
रायपुर, 29 जून 2026

छत्तीसगढ़ में मानसून अब रफ्तार पकड़ चुका है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसी बीच बारिश से जुड़े दो दर्दनाक हादसों ने प्रदेश को झकझोर दिया। बेमेतरा में कच्चे मकान की दीवार ढहने से दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि सुकमा में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई और चार अन्य घायल हो गए।
बेमेतरा में दीवार ढहने से दो बहनों की मौत
बेमेतरा जिले के राऊरपुर गांव में शनिवार रात हुई लगातार बारिश के बाद रविवार सुबह एक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय आंगन में खेल रही वंशिका कोसले (12) और राधिका कोसले (9) मलबे में दब गईं। दोनों बच्चियों के सिर में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक महिला भी घायल हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार ने नया मकान बना लिया था, लेकिन पुराने कच्चे मकान की दीवार नहीं हटाई गई थी।
सुकमा में बिजली गिरने से युवक की मौत
सुकमा जिले के कुकानार गांव में खेत से लौट रहे कुछ युवक बारिश से बचने के लिए इमली के पेड़ के नीचे रुके थे। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। हादसे में अजय नाग (18) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
अगले चार दिनों तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा। सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की गई है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
18 से अधिक जिलों में पहुंचा मानसून
मानसून रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर समेत 18 से अधिक जिलों में पहुंच चुका है। वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, जशपुर, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ सहित कई जिलों में अगले 48 घंटे के भीतर मानसून की एंट्री होने की संभावना है।
कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश
मानसून सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में अब भी सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बलौदाबाजार और सक्ती जैसे जिलों में 80 से 90 प्रतिशत तक बारिश की कमी बनी हुई है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों की बारिश से स्थिति में सुधार हो सकता है।




