भोपाल, 30 जून 2026 । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह और उनके ड्राइवर के खिलाफ भोपाल के रातीबड़ थाना में FIR दर्ज की गई है। तीनों पर घर में काम करने वाले कुक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जबरन काम कराने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रीवा से भोपाल बुलाकर नौकरी का दिया था झांसा
पुलिस के अनुसार, शिकायत विपेंद्र सिंह नामक कुक ने दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि उसे रीवा से भोपाल में कुक की नौकरी के लिए बुलाया गया था। उसे 15 हजार रुपये मासिक वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था।

काम का बढ़ाया दबाव, गाली-गलौज के आरोप
शिकायत में कहा गया है कि काम शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद उस पर अत्यधिक काम का दबाव बनाया गया। पीड़ित का आरोप है कि घर में पहले से काम कर रहे कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया जाता था। जब उसने नौकरी छोड़ने की बात कही तो उसे धमकाया गया।
मोबाइल छीनने और मारपीट का भी आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया और उसे जबरन काम करने के लिए मजबूर किया गया। डर के कारण वह कमरे में बंद हो गया, लेकिन इसके बावजूद शशांक सिंह, शैलेश सिंह और ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
रातीबड़ पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




