सूरजपुर, 28 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र स्थित मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 15 नामजद आरोपियों समेत 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सभी पर पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना 24 जुलाई की है, जब प्रतापपुर पुलिस एक मामले में 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया।
इस हमले में SDOP समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
अब पुलिस ने मामले में 15 नामजद और 100-150 अज्ञात ग्रामीणों को आरोपी बनाते हुए FIR दर्ज कर ली है। साथ ही सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





