रायपुर, 28 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने फाइनल चार्जशीट पेश करने की तैयारी तेज कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 3 अक्टूबर को विशेष कोर्ट में करीब 35 आरोपियों के खिलाफ फाइनल चार्जशीट पेश की जाएगी। फिलहाल चार्जशीट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।
35 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट
कोल घोटाला मामले में EOW की ओर से करीब 35 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, अग्रिम जमानत हासिल कर चुके आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है।

विधायक देवेंद्र यादव से करीब दो घंटे पूछताछ
इसी सिलसिले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव से भी EOW ने पूछताछ की है। उन्हें पूछताछ के लिए EOW कार्यालय बुलाया गया था। यहां अधिकारियों ने उनसे करीब दो घंटे तक सवाल-जवाब किए।

EOW के साथ ED भी कर रही जांच
छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल घोटाला मामले की जांच EOW और प्रवर्तन निदेशालय (ED) दोनों एजेंसियां कर रही हैं। EOW की फाइनल चार्जशीट विशेष कोर्ट में पेश होने के बाद मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ऐसे खड़ा हुआ लेवी वसूली का कथित सिंडिकेट
जांच एजेंसियों के मुताबिक, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से हर टन कोयले के परिवहन पर 25 रुपए की अवैध लेवी वसूली जाती थी। आरोप है कि इसके लिए खनन विभाग के नियमों में बदलाव कर ऑनलाइन मिलने वाले कोल परमिट को ऑफलाइन किया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इसके बाद एक सिंडिकेट ने परमिट व्यवस्था पर नियंत्रण हासिल कर अवैध वसूली का तंत्र खड़ा किया। EOW और ED की जांच में इस व्यवस्था के जरिए करीब 540 करोड़ रुपए से अधिक की कथित अवैध वसूली का उल्लेख किया गया है।




