10 Mar 2026, Tue
Breaking

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरियों का खुला पिटारा, 12489 शिक्षको की होगी भर्ती

प्रमोद मिश्रा

रायपुर 05मई 2023

सरकार को सुप्रीम कोर्ट से 58 प्रतिशत आरक्षण पर भर्ती और परीक्षाएं लेने की छूट के बाद छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरियों का पिटारा खुल गया है। शिक्षा विभाग ने बस्तर व सरगुजा संभाग के स्कूलों में 12489 शिक्षकों की भर्ती के लिए सूचना जारी कर दी है। शिक्षक भर्ती परीक्षा व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) लेगा।

6 मई यानी शनिवार से इसके आवेदन शुरू हो जाएंगे। सिर्फ शिक्षा विभाग ही नहीं, कई और विभागों ने आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होते ही नौकरियां निकालनी शुरू कर दी हैं। पिछली बार 2019 में शिक्षकों की सीधी भर्ती हुई थी। तब 14580 पद थे। माना जा रहा है कि व्यापमं जून में भर्ती परीक्षा ले लेगा।

सबसे अधिक पद प्राइमरी कक्षाओं के टीचर्स यानी सहायक शिक्षक के लिए रहेंगे। इनकी संख्या 6285 है। इसी तरह मीडिल स्कूल के शिक्षकों के 5772 पोस्ट हैं। हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल के टीचर यानी व्याख्याता के लिए 432 पद हैं। इस तरह से कुल 12489 पदों पर भर्ती होगी। जानकारी के मुताबिक शिक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव पिछले साल तैयार किया गया था। भर्ती की तैयारी भी थी, लेकिन आरक्षण विवाद की वजह से भर्ती पर रोक लगी।

अब आरक्षण पर निर्णय आने के बाद शासन से विभिन्न विभागों में भर्ती की प्रक्रिया तेज की गई है। इसी कड़ी में शिक्षकों की भर्ती होगी। जानकारी के मुताबिक बस्तर व सरगुजा संभाग की इस भर्ती में 1 जनवरी 2023 को न्यूनतम आयु 21 वर्ष पूरी हो। तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष से अधिक न हो। आरक्षित वर्ग को आयु में छूट का प्रावधान। इसी तरह प्राइमरी कक्षाओं के शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता भी है।

आईटीआई में 43 की नियुक्ति
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा व रोजगार विभाग ने भी पूर्व से लंबित पदों पर नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक आईटीआई के प्राचार्य वर्ग-1 का एक पद, प्राचार्य वर्ग-2 के पद तथा प्लेसमेंट अधिकारी और सहायक संचालक-तकनीकी के 43 पदों पर भी भर्ती के साथ-साथ पोस्टिंग आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य शासन के निर्देश के बाद यह पदस्थापना की गई है। सभी चयनित अभ्यर्थी तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि में रहेंगे।

इरिगेशन में 352 सब इंजीनियर
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इरिगेशन विभाग में तीन वर्ष की परिवीक्षा पर 352 उप अभियंताओं की नियुक्तियों का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। इस पद के लिए व्यायसायिक परीक्षा मंडल ने 8 मई 2022 को परीक्षा ली थी। इसके बाद इनकी वरीयता सूची भी तैयारी की थी। वरीयता सूची जारी कर दी गई है। विभाग के अफसरों ने बताया कि सभी पात्र उम्मीदवारों की नियुक्तियां की जा रही हैं। यह प्रक्रिया भी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद ही की गई है।

लघु वनोपज संघ में नियुक्तियां
लघु वनोपज सहकारी संघ ने गुरुवार को सहायक ग्रेड-3 के 19 पदों पर नियुक्ति के आदेश आदेश जारी कर दिए हैं। इन सभी की अलग-अलग जगह पदस्थापना भी कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जीएडी ने भर्तियों व नियुक्तियों के संबंध में सभी विभागों को निर्देश दिए थे। संघ के एमडी अनिल राय ने बताया कि इसी आधार पर सहायक ग्रेड-3 के सभी पात्र उम्मीदवारों को प्रदेशभर में अलग-अलग जगह पदस्थ करने के आदेश जारी किए।

3 साल काउंसिलिंग, 3190 पद खाली
राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए वर्ष 2019 में भर्ती निकाली गई थी। इसके तहत 14580 पोस्ट निकली थी। इसमें व्याख्याता के 3177, शिक्षक के 5593 और सहायक शिक्षक के करीब 5506 पद थे। विज्ञापन जारी होने के कुछ महीनों के बाद 2019 में ही लिखित परीक्षा हुई। इसके नतीजे भी 2019 में जारी किए गए। फिर मेरिट के अनुसार उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया। करीब तीन साल तक छह राउंड की काउंसिलिंग हुई। इसमें 11390 उम्मीदवारों को नौकरी मिली। 3190 पद खाली रह गए। खाली पदों में ज्यादातर आरक्षित थे। इन पदों को भी नई भर्ती में जोड़ा गया है।

Share
पढ़ें   कोरोना पॉजिटिव : यहां के कलेक्टर हुए कोरोना पॉजिटिव...डॉक्टरों की सलाह पर अपने आप को किया होम आइसोलेट

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed