भोपाल, 22 जून 2026। सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के अग्रदूत तथा आरक्षण के जनक माने जाने वाले छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती पर 26 जून को अपना दल (एस) मध्य प्रदेश के सभी जिलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित करेगा। पार्टी ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और जिला स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जा रही है।
पार्टी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह आयोजन केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल और राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के मार्गदर्शन में आयोजित होगा। कार्यक्रमों की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन करेंगे।

पार्टी का कहना है कि जयंती समारोह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर इसे सामाजिक जागरूकता और संगठन विस्तार अभियान के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न जिलों का प्रभार सौंपा जाएगा, जो कार्यक्रमों की तैयारियों की निगरानी करेंगे।
आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि छत्रपति शाहू जी महाराज द्वारा सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जयंती कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं मान सिंह बिसेन ने कहा कि शाहू जी महाराज का शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक न्याय का विचार आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि छत्रपति शाहू जी महाराज सामाजिक परिवर्तन के महानायक थे, जिन्होंने वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को उनके विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव युवा मंच डॉ. अखिलेश पटेल, देवेंद्र प्रताप सिंह, रोहित चंदेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ एवं युवा पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन के तहत जिला स्तर पर संगोष्ठियां, पुष्पांजलि कार्यक्रम, सामाजिक समरसता संवाद और पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर विचार-विमर्श आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का उद्देश्य छत्रपति शाहू जी महाराज के सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अवसर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
गौरतलब है कि अपना दल (एस) ने हाल ही में मान सिंह बिसेन को मध्य प्रदेश का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी इस जयंती समारोह को संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है तथा प्रदेश में अपनी राजनीतिक उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में लगातार सक्रिय है।




